राजेंद्र पाल गौतम के AICC SC विभाग अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष पूर्ण, 24 अकबर रोड पर भव्य समारोह आयोजित
दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) । नई दिल्ली, 12 जून 2026: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अनुसूचित जाति (SC) विभाग के चेयरमैन के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंच पर कांग्रेस के SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर के. राजू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग के चेयरमैन, राजस्थान सरकार की पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमति ममता भूपेश (प्रदेश अनुसूचित जाति (एससी) विभाग के चेयरमैन,कर्मवीर सिंह बौद्ध, सांसद राज्य सभा, बी पी निगम,राष्ट्रीय अध्यक्ष मिशन जय भीम, एन पी निशांत नेशनल कॉर्डिनेटर प्रभारी दिल्ली, राजेश शेरसिया नेशनल कॉर्डिनेटर, प्रभारी राजस्थान, बाबूलाल सांकला नेशनल कॉर्डिनेटर प्रभारी वेस्ट बंगाल, एडवोकेट मेघा सहारा नेशनल कॉर्डिनेटर प्रभारी लीगल, पंजाब सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ राजकुमार वेरका नेशनल कॉर्डिनेटर प्रभारी एट्रोसिटी आदि मौजूद रहे ।
कार्यक्रम की शुरुआत में SC विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर राजेश शेरसिया ने टीम सदस्यों हरीश दोतानिया, राजेश चान्दोलिया, परमानंद जाजोरिया, सुनील अकरनिया और नवीन कुरड़िया के साथ आए पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और बहुजन समुदाय के लोगों का स्वागत किया।
राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए के. राजू ने गौतम के एक वर्ष के कार्यकाल को “विभाग की ऐतिहासिक सक्रियता का वर्ष” बताया। वक्ताओं ने कहा कि गौतम के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिली है।
अपने संबोधन में राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज देश का संविधान और लोकतंत्र गंभीर खतरे में है। राज्यसभा नामांकन रद्द जैसी घटनाएं लोकतंत्र की खुली हत्या हैं। मौजूदा शासन केवल वोट की नहीं, पूरे चुनाव की चोरी कर रहा है और आने वाली पीढ़ियों को फिर से गुलाम बनाना चाहता है।”
विदेश नीति पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार “विदेशी शक्तियों के सामने सरेंडर” कर चुकी है। भारतीय जहाजों पर हमलों और नागरिकों की मौत के बावजूद सरकार ने दृढ़ता नहीं दिखाई।
गौतम ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण का श्रेय कांग्रेस, डॉ. आंबेडकर, महात्मा गांधी, नेहरू, पटेल और मौलाना आजाद को जाता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने एम्स, IIT, IIM, भेल, गेल, ONGC जैसे संस्थान बनाए और बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर दलित-वंचितों के लिए रास्ते खोले।”
भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “जिसने देश बनाया उसे दर्द होता है, बेचने वालों को नहीं। भाजपा ने सैकड़ों PSU बेच दिए, सरकारी स्कूल बंद किए और शिक्षा महंगी कर दी। गरीब बच्चे उच्च शिक्षा छोड़ने या आत्महत्या को मजबूर हैं।”
उन्होंने कहा कि नोटबंदी और “काले कानूनों” से किसान-मजदूर प्रताड़ित हुए। जाति-धर्म के नाम पर नफरत फैलाई जा रही है, दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। “आजादी के वक्त वर्तमान सत्ता के वैचारिक पूर्वज अंग्रेजों के साथ थे, इसलिए राष्ट्र निर्माण में इनका कोई योगदान नहीं,” उन्होंने कहा।
पार्टी नेतृत्व को आश्वस्त करते हुए गौतम ने कहा, “देश बचाने के लिए किसी भी कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे। बहुजन समाज हमेशा वफादार रहा है। जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बन जाते, यह समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।”
कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव-गांव जाकर संविधान बचाने की “आर-पार की लड़ाई” लड़ें। उन्होंने कहा, “हम जांच एजेंसियों, पुलिस और जेलों से डरने वाले नहीं। हमारी जनसंख्या के आगे सरकार की जेलें छोटी पड़ जाएंगी।”
भाजपा के नारे पर तंज कसते हुए बोले, “भाजपा का ’12 साल बेमिसाल’ खोखला है। उन्होंने देश को कंगाल किया, नेता मालामाल हुए। इसके विपरीत, AICC SC विभाग का यह एक साल नेशनल कोऑर्डिनेटर्स, स्टेट प्रेसिडेंट्स और वॉलंटियर्स के सामूहिक प्रयासों से सचमुच बेमिसाल रहा।”
समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और बहुजन समुदाय के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रदेशों से आए कार्यकर्ताओं ने गौतम का फूल-मालाओं से स्वागत किया। लड्डू-मिठाई बांटकर स्नेह भोज का आयोजन हुआ। राजस्थान से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त किया गया।



