कोटा में समता सैनिक दल राजस्थान की बैठक, संगठन विस्तार पर जोर कोटा
दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) । 21 जून 2026: समता सैनिक दल राजस्थान की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कोटा के जवाहरलाल नेहरू पार्क, वार्ड नंबर 54 में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कॉपरेटिव बैंक कोटा के संयुक्त शाखा प्रबंधक राजेंद्र कुमार वर्मा ने की।
दल को मजबूत करने पर मंथन
बैठक में संगठन को नए सिरे से गठित करने और राजस्थान में दल को मजबूती देने पर विस्तार से चर्चा हुई। दौसा से राकेश कुमार वर्मा, जयपुर से एम.एल. राठी, कोटा से रामकिशोर मीणा, बूंदी से घनश्याम महर, केकड़ी से प्राचार्य राजूलाल रैगर, टोंक से डॉ. ऋषिकेश वर्मा और झालावाड़ से अरविंद कुमार मेघवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सामाजिक चिंतक मौजूद रहे।
प्रमुख वक्तव्यों के अंश
प्राचार्य राजूलाल रैगर ने कहा कि राजस्थान में दलित समाज पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। समाज ने आंखें बंद कर रखी हैं। संघर्ष के बिना अपराध नहीं रुकेंगे।
एम.एल. राठी ने कहा कि दल को सक्रिय और सशक्त बनाने के लिए त्याग और समर्पण जरूरी है, तभी संगठन मजबूत होगा।
राकेश कुमार वर्मा ने राज्य सरकार के पूर्व आदेशों का हवाला देते हुए मांग की कि सभी जिला मुख्यालयों पर डॉ. बी.आर. अम्बेडकर की प्रतिमा व डॉ. अम्बेडकर सामुदायिक भवन बने। साथ ही माता रमाई अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को भेजा जाए।
अध्यक्ष राजेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि दल को ग्रामीण क्षेत्रों तक ले जाना है। शुरुआत में हर जिले में 50 सक्रिय सैनिक जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक का संचालन संतोष कुलदीप ने किया। अंत में रामावतार बेरवा, टोंक ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।



