प्रतिभा सम्मान समारोह: शम्भुगढ़ में 70 गांव रैगर समाज ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) । शम्भुगढ़, 26 जून 2026: ग्राम शम्भुगढ़ में 70 गांव रैगर समाज सुधार समिति, जुना मन्दिर शम्भुगढ़ के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि ने दी उच्च शिक्षा की प्रेरणा
समारोह के मुख्य अतिथि IRS अधिकारी एवं अतिरिक्त आयुक्त श्याम डडवाल ने अध्यक्षता कर रहे रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल लाल हिन्दुनिया के सान्निध्य में विद्यार्थियों को संबोधित किया। डडवाल ने बच्चों को उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाओं का डटकर सामना करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शित किया। उन्होंने इस समारोह को हर वर्ष आयोजित करने के लिए समाज को 1 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी नरेन्द्र कुमार रैगर, पूर्व विधायक हगामी लाल मेवाड़ा, अम्बेडकर वेलफेयर सोसाइटी भीलवाड़ा के जिला अध्यक्ष सोहन जी भोजपुरिया, भीलवाड़ा छात्रावास अध्यक्ष कन्हैया लाल रैगर, पंचायत समिति सदस्य रामदेव जी कसोटिया, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सुखदेव जी डवाडिया, SC मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष राधेश्याम जी तगाया सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। डॉ. नरेन्द्र कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ सूरज आई अस्पताल विजयनगर, विजय लाल जी फुलवारी, बैंक मैनेजर राकेश फुलवारी, डॉ. राहुल और कमल जी पटवारी ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
भामाशाहों ने दिया आर्थिक सहयोग
समारोह में रतन लाल ऐरवाल गोवर्धनपुरा ने 30,000/-, कांग्रेस ग्राम इकाई अध्यक्ष रोहित साहू ने 51,000/- और सामुदायिक भवन, 70 गाँव चौखला जुना मन्दिर शम्भुगढ़ को 21,000/- का सहयोग दिया। भामाशाह डॉ. नरेन्द्र कुमार ने सर्टिफिकेट फ्रेम, माणक चन्द कासोटिया ने बैग, पारसमल जाड़ोटिया ने पानी की बोतल, गोपाल लाल हिन्दुनिया ने खाने का टिफिन, डाऊराम शेरसिया ने फाइल फोल्डर और अध्यक्ष नौरत मल डवाडिया ने अम्बेडकर की तस्वीर व ‘घर-घर अंबेडकर’ बुक भेंट की।
भोजन व्यवस्था में समाज का सहयोग
कार्यक्रम में भोजन की व्यवस्था रोशन लाल/पुरन कासोटिया शम्भुगढ़, सांवर जी जाटोलिया बाजुन्दा, डालचन्द मुण्डेतिया संग्रामगढ़, श्यामलाल डडवाडिया, नाहरचंद जेलिया, लादूराम नोगिया, प्रेमचन्द जाड़ोटिया, मूलचन्द नोगिया, धर्मीचन्द कासोटिया, सोहन जी बडारिया, विष्णु जी जैलिया, लादुराम जाडोटिया, रूप लाल जेलिया, विजय लाल फुलवारी और राकेश फुलवारी सहित कई भामाशाहों ने की।
आमसभा में लिए गए अहम निर्णय
आम सभा में 70 गांव-चौखला समाज सुधार समिति जुना मन्दिर शम्भुगढ़ का आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे समाज ने सही पाया। छात्रावास का कार्यकाल समाप्त होने पर नए चुनाव कराने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी। समाज के पंचों ने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने और राजनीतिक रूप से समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सफल संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन महावीर शेरशिया कर्मा का बाडिया, महावीर डडवाडिया अंटाली और संजय डवाडिया बरसनी ने किया। समाज के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



