पूर्व IPS डॉ. बी.पी. अशोक ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, कई साथियों के साथ पार्टी में शामिल हुए

दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) । दिल्ली, 5 अगस्त 2026 — सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ पूर्व IPS अधिकारी डॉ. बी.पी. अशोक ने मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ली। उनके साथ श्री विक्रांत गौतम, श्री राजेश सिद्धार्थ, श्री किशन स्वरूप, श्री सचिन सहित कई अन्य साथी भी कांग्रेस में शामिल हुए।
सदस्यता ग्रहण के बाद जारी बयान में डॉ. अशोक ने कहा कि देश में जातिवाद, सामंतवाद और पूंजीवाद ने मिलकर लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ षडयंत्र रच रखा है। उनके अनुसार सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और आर्थिक न्याय को बचाना आज सबसे बड़ी चुनौती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को अंधविश्वास के सहारे कमजोर किया जा रहा है, निर्वाचन प्रक्रिया पर कब्जे की कोशिश हो रही है और “पेपर लीक, सांसद लीक, विधायक लीक, वोट लीक” जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। ब्यूरोक्रेसी और पुलिस द्वारा हो रहे अत्याचारों की अनदेखी पर भी उन्होंने चिंता जताई।
डॉ. अशोक ने कहा कि अब राजनीति को मैनीफेस्टो आधारित होना चाहिए ताकि जनता का विश्वास बहाल हो सके।
“आज आवश्यकता है एक समावेशी सरकार की, समावेशी निर्वाचन आयोग की और समावेशी न्यायपालिका की, ताकि सबका हिस्सा हो और सबका उत्थान हो सके,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस में शामिल होने के कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी सम्यक शिक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं और बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर व मान्यवर कांशीराम जी के सपने को पूरा करने के लिए नेतृत्व दे रहे हैं। एससी, एसटी, ओबीसी की हिस्सेदारी, धर्मनिरपेक्षता, भारतीय संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चल रहे संघर्ष में योगदान देने के उद्देश्य से ही उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है।
इस अवसर पर डॉ. अशोक ने माननीय सांसद पवन खेड़ा जी, माननीय राजेंद्र पाल गौतम जी और माननीय अनिल जय हिंद जी का आभार व्यक्त किया।



