संत शिरोमणि दुर्बल नाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर के निर्माणाधीन भवन पर छत का लेंटर डाला गया
दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस (रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया) l संत शिरोमणि दुर्बल नाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर रोहतक द्वारा रोहतक में जींद रोड, आदर्श गुरुकुल के सामने खटीक समाज के दूरस्थ क्षेत्रों के गरीब एवं जरूरतमंद छात्रों की बेहतर शिक्षा और सुरक्षित आवास की सुविधा प्रदान कर सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से छात्रावास के भव्य भवन का निर्माण किया जा रहा है। सरकार, भामाशाह एवं समाज बंधुओं के आर्थिक सहयोग से संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों की देखरेख में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रधान प्यारेलाल कटारिया जी ने संत शिरोमणि दुर्बलनाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर को छात्रावास हेतु सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों और समाज के दानदाता बन्धुओं का आभार व्यक्त किया ।
प्रधान प्यारेलाल कटारिया जी ने समाजहित एक्सप्रेस के संपादक रघुबीर सिंह गाड़ेगांवलिया को बताया कि खटीक समाज की युवा पीढ़ी के सुनहरे भविष्य निर्माण हेतु शिक्षा की तरफ विशेष ध्यान रखना आज के वक्त की नजाकत है। इसी बात को जहन में रख संत शिरोमणि दुर्बल नाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर रोहतक के सभी पदाधिकारियों ने समाज को साथ लेकर सभी के सहयोग से 2000 गज के भूखंड पर छात्रावास निर्माण की नींव रखी।
वर्तमान में भूतल पर 78.8X35 का हाल और 10 कमरों का निर्माण कार्य किया जा चूका है प्लास्टर और फिटिंग का कार्य होना बाकी है। प्रथम तल पर 25 कमरों पर छत का लेंटर वीरवार 12 मार्च 2026 को प्रधान प्यारे लाल कटारिया जी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मामराज बड़गुजर जी, उपाध्यक्ष राम प्रताप बसवाला जी, राजकुमार (नीटा सोलंकी) जी, सलाहकार शिव चरण बड़गुजर जी, हरिशचन्द राजौरा जी, महासचिव सुरेन्द्र बहल, सदस्य सत्य नारायण टांक जी, देवकी नदंन तंवर जी, रोहतक सकल पंच के प्रधान राजेन्द्र खन्ना जी, ठेकेदार जीतराम ( जीतू) समेत अनेक सदस्य व समाज बन्धूजन की उपस्थिति में डाला गया।
प्यारेलाल कटारिया जी ने संत शिरोमणि दुर्बल नाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर में सहयोग करने वाले सभी समाज बन्धुओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज बन्धुओं द्वारा इस कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास को बनाने के लिए काफी सहयोग किया जा रहा हैं । कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास भवन निर्माण की लागत करोड़ों में हैं, इसलिए समाज के लोगों से निवेदन है कि इस संस्था में जितना संभव हो सके उतना उदारता से आर्थिक सहयोग करें ।
सुरेंद्र बहल (महासचिव) ने कहा कि बड़े गर्व की बात हैं कि हमारे समाज का कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास निर्मित्त हो रहा हैं। कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास के निर्माण हो जाने से इस क्षेत्र के बच्चों को सुविधा मिलेगी, छात्र ऐसी सुविधाओं में पढ़कर आत्मविश्वास पायेंगे तथा वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर अधिक से अधिक प्रेरित होंगे, पढ़ाई का स्तर और भी उच्च स्तर पर पहुंचेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष मामराज बड़गुजर जी ने कहा कि भविष्य में इस कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास में रहने वाले छात्रों के खुशहाल भविष्य हेतु निजी सपने और आकांक्षाएं भी होंगी और उन्हें पूरा करने के अनेक अवसर भी मिलेंगे। इतना ही नहीं, जब समाज के छात्र अपने पैरों पर खडे होंगे और सक्षम बनेंगे, तो स्वाभाविक रूप से समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और उनके परिवार भी सक्षम बनेंगे।
उपाध्यक्ष राम प्रताप बसवाला जी ने कहा कि संत शिरोमणि दुर्बल नाथ शिक्षा सदन एवं कोचिंग सेंटर द्वारा निर्माणाधीन कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास केवल ईंट-पत्थर का भवन नहीं, बल्कि हमारे समाज की नई सोच, दूरदृष्टि, संकल्प और एकजुटता का परिचायक है और युवाओं के उज्जवल भविष्य का सशक्त प्रतीक है। यहाँ समाज के युवाओं में शिक्षा, संस्कार और स्वाभिमान की ज्वाला प्रज्वलित होगी और यहाँ से शिक्षित होकर निकलने वाली हर प्रतिभा समाज का नाम रोशन करेगी।
हरिशचन्द राजौरा जी ने कहा कि जब महान उद्देश्यों के साथ और पवित्रता से समाज के कल्याण के लिए प्रयास किए जाते हैं, तो ईश्वर भी सहयोग करता है और समाज भी ईश्वर के रूप में सहयोग करता है। और परिणाम भी प्राप्त होते हैं। आज समाज में एक नई जागृति आई है। हम अपने बच्चों को शिक्षित करने, उनका मान-सम्मान बढ़ाने के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं, उनके लिए सुविधाएं बना रहे हैं, रोहतक में कोचिंग सेंटर एवं छात्रावास का भव्य निर्माण कर रहे हैं।



